शनिवार, 30 जून 2018

संजू -- बॉयोपिक नहीं जिंदगी के कुछ दर्द भरे हिस्से

निर्देशक राजकुमार हिरानी की फिल्म "संजू" रिलीज़ हो गयी।  बहुत दिनों से दर्शकों को इस फिल्म का इंतज़ार था और  फिल्म रिलीज़ होते ही संजय दत्त के प्रशंसकों ने इस हाथों हाथ लिया भी। हैदराबाद के पी वी आर -- आर के सिनेप्लेक्स में दोपहर १ बजकर २५ मिनट का शो। पूरा थियेटर भरा हुआ, ऐसा लग रहा था किसी कालेज से सीधा ही स्टूडेंट फिल्म में आ रहें हो क्योंकि अधिकतर ५ - ६ के ग्रुप में लड़के थे.  

फिल्म शुरू हुई लेकिन शुरू में कुछ ज्यादा अच्छी नहीं लगी।  लेकिन जैसे - जैसे फिल्म ने रफ्तार पकड़ी दर्शकों पर फिल्म की पकड़ बढ़ती गयी।  पूरी की पूरी फिल्म में संजू यानि रणबीर कपूर ही छाये हुए हैं।  वैसे तो सभी जानते हैं रणबीर की अभिनय प्रतिभा को लेकिन इस फिल्म से निस्संदेह उन्हें और फायदा तो पँहुचेगा ही । नशे में डूबे या फिर जेल में बंद संजू के हर किरदार को रणबीर ने बहुत ही उम्दा निभाया है।  दोस्त बने विकी कौशल ने भी अच्छा अभिनय किया है। दिया मिर्ज़ा ( मान्यता दत्त )  का काम भी अच्छा है। 

शुरू के दृश्यों में अभिनेता परेश रावल , परेश रावल ही लगे हैं वो कहीं से भी सुनील दत्त नहीं लगे और ऐसा ही कुछ मनीषा कोईराला के बारें में भी कहा जा सकता है। फिल्म के कुछ दृश्य एडिट हो जाते तो बेहतर होता क्योंकि दर्शक छिछोरी बातें देखने नहीं गये थे। हो सकता है हास्य और कुछ सस्ते मनोरंजन को सोचकर ही रखे गये हो ये दृश्य। फिल्म "संजू"  बारें में कहा जा रहा है कि यह फिल्म संजय दत्त की बॉयोपिक है लेकिन यह फिल्म  बॉयोपिक नहीं बल्कि जिंदगी के कुछ दर्द भरे हिस्से ही निर्देशक दिखाये हैं। हाँ इस फिल्म के बाद संजय दत्त पर एक बॉयोपिक जरूर ही  किसी लेखक को लिखनी चाहये। 

कुछ दृश्य बहुत ही भावुक कर देने वाले हैं। बहुत गलतियाँ हुई संजय दत्त से और इसका खामियाज़ा भी भुगता उन्होंने। पिता - पुत्र और दोस्ती को बहुत ही ख़ूबसूरती से दिखाया है निर्देशक ने। विशेष --परदे पर जैसे ही फिल्म "मुन्ना भाई एम बी बी एस"  का द्रश्य आया दर्शकों ने बहुत शोर किया और फिल्म केखतम होने पर  तालियाँ भी बजाई , यह देख कर अच्छा लगा , क्योंकि आज कल लोग तालियाँ बजाने में भी कँजूसी करने लगे हैं। 

फिल्म खतम होने पर संजय दत्त और रणबीर पर एक गीत भी है तो जरूर देखें।  दोनों ही अच्छे लग रहे हैं साथ में परदे पर। 
संजय दत्त , रणबीर कपूर और राजकुमार हिरानी के प्रशंसक हैं तो फिल्म आपको अच्छी लगेगी। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें