रविवार, 18 जुलाई 2021

हौसलें और संघर्ष की कहानी तूफ़ान

हिंदी फिल्म --तूफान 
ओ टी टी --अमेज़न प्राइम विडियो 
निर्माता -- रितेश सिधवानी, फ़रहान अख़्तर और  राकेश ओमप्रकाश मेहरा
निर्देशक -- राकेश ओमप्रकाश मेहरा
लेखक -- अंजुम रजबअली , विजय  मौर्या , फ़रहान अख़्तर 
कलाकार -- फ़रहान अख़्तर , परेश रावल , मृणाल ठाकुर 
संगीत -- शंकर - अहसान --लॉय , सैमुएल-आकांक्षा , डेनियल लोज़िंस्की  

कहानी -- 
एक वसूली करने वाले गुंडे के राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर बनने की कहानी है फिल्म "तूफ़ान " की। अज्जू उर्फ अजीज अली (फ़रहान अख़्तर ) डोंगरी का गुंडा है। वह  जफर भाई ( विजय राज ) के लिए वसूली का काम करता है। अनाथालय में पला अजीज गुंडा है लेकिन दिल का बहुत अच्छा है। एक दिन मार पिटाई के समय उसके सिर में चोट लग जाती है और वह अस्पताल जाता है जहां उसकी मुलाकात डॉक्टर अनन्या (मृणाल ठाकुर ) से होती है। अनन्या के समझाने पर अजीज कोच नाना प्रभु (परेश रावल ) की कोचिंग में बॉक्सर बनने की ट्रेनिंग लेता है और एक दिन राष्ट्रीय स्तर का बॉक्सर बन जाता है। लेकिन तभी कुछ  ऐसा होता है जिससे अजीज पर ५ साल का बैन लग जाता है। अजीज और अनन्या दोनों शादी कर लेते हैं। ऐसा क्या होता है जिससे अजीज ५ साल तक खेल नहीं सकता ? क्या अजीज और अनन्या की शादी सफल हो पाती है ? क्या दोबारा अजीज रिंग में उतर पाता है ? यह सब जानने के लिए तो आपको फिल्म तूफान देखनी पड़ेगी। 
क्यों देखें तूफ़ान 

इस फिल्म से पहले भी ओम प्रकाश मेहरा और फरहान अख्तर फिल्म " भाग मिल्खा भाग " में साथ काम कर चुके हैं। आप सभी जानते हैं कि उस फिल्म ने कितनी सफलता हासिल की थी। यह फिल्म उतनी सफल तो नहीं होगीं लेकिन दर्शक निराश भी नहीं होंगे फिल्म "तूफ़ान " से। क्योंकि तूफ़ान शुरू से आखिरी तक  दर्शकों को बांधे रखने में सक्षम है।   
 निर्माता रितेश सिधवानी, फरहान और राकेश ओमप्रकाश मेहरा की इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म को फ़रहान अख़्तर ने अंजुम रजबअली और विजय  मौर्या के साथ मिलकर लिखा है।  तूफ़ान के संवाद और गीत - संगीत दोनों ही अच्छे हैं। रैप सिंगर डेविल का रैप लोगों में  लोकप्रिय होगा। फ़रहान ने तूफ़ान के लिए जो मेहनत की है  वो पर्दे पर दिखाई देती है। अच्छा काम है उनका। इसी तरह मृणाल ने भी अच्छा काम किया है। परेश रावल , मोहन अगाशे ,सुप्रिया पाठक अच्छे  कलाकार हैं। नायक के दोस्त की भूमिका में हुसैन दलाल जमें हैं। यानि जब सभी का काम अच्छा है , गीत - संगीत , संवाद अच्छे हैं तो एक बार तो इस फिल्म को दर्शकों को देखना ही चाहिये। हौसलें और संघर्ष की कहानी तूफ़ान को देखकर दर्शक निराश नहीं होंगे। 

बुधवार, 7 जुलाई 2021

सस्ते उपन्यास की हसीन दिलरुबा

हिंदी फिल्म --  हसीन दिलरुबा
ओ टी टी -- नेटफ्लिक्स
बैनर -- कलर येलो  प्रोडक्शंस , टी सीरीज , इरोज एंटरनेशनल  
निर्माता -- आनंद एल राय , हिमांशु शर्मा , भूषण कुमार , कृष्ण कुमार 
निर्देशक: विनिल मैथ्यू
लेखिका-- कनिका ढिल्लों 
कलाकार: तापसी पन्नू, विक्रांत मैसी, हर्षवर्धन राणे, आदित्य श्रीवास्तव, दया शंकर पांडे, यामिनी दास आदि
संगीत - अमित त्रिवेदी 

कहानी -- 
२ घंटे १५  मिनट की अवधि वाली इस फिल्म " हसीन दिलरुबा " की कहानी घूमती है  रानी  के चारों ओर। रानी जो कि बहुत ही खूबसूरत, हसीन और जवान लड़की है। उसे क्राइम और थ्र‍िलर उपन्‍यास पढ़ना बहुत पसंद है।  उस पर अपने ही पति रिशु  के कत्‍ल का इल्‍जाम है। लेकिन जैसे-जैसे पुलिस की जांच आगे बढ़ती है और  उसकी शादीशुदा जिंदगी के कई राज खुलते जाते हैं जिससे मामला और भी उलझता जाता है। शुरू में  जहाँ पुलिस को रानी का यह केस बहुत ही साधारण लग रहा था वहीं अब उसकी जिंदगी की पेचीदगियों से यह और भी उलझता जाता है। क्या रानी ही जिम्मेदार है अपने पति की हत्या की ? 

समीक्षा ---
दिल्ली की रहने वाली रानी कश्यप (तापसी पन्नू ) एक आधुनिक लड़की है। उसे लेखक दिनेश पंडित के एक्शन और थ्र‍िलर उपन्यास पढ़ना बहुत पसंद है। उपन्यासों की तरह ही उसे अपनी जिंदगी में भी भरपूर रोमांस और रोमांच चाहिये।  जबकि उसकी शादी एक सीधे सादे से ऋषभ सक्सेना ( विक्रांत मैसी ) से हो जाती है, जो  कि ज्वालापुर के बिजली विभाग में इंजीनियर है जिसकी जिंदगी बहुत ही साधारण है लेकिन रानी को अपने पति से कुछ ज्यादा ही  उम्मीदें हैं। उनकी शादी हुए कुछ अरसा ही हुआ है तभी उनके घर में ऋषभ का कजिन नील (हर्षवर्धन राणे) आता है। नील देखने में आकर्षक  है। बस रानी नील की तरफ आकर्षित हो जाती है और दोनों के बीच शारीरिक सम्बन्ध बन जाते हैं या यूँ कहें तो रानी को नील से प्यार हो जाता है जबकि नील तो बस अपनी इच्छाओं को पूरा कर रहा था। रानी जिसे चाय भी बनानी नहीं आती ऐसे में प्यार में अंधी वो नील के लिए नॉन वेज खाना भी यू ट्यूब देख कर बनाती है। रानी नील के साथ अपनी जिंदगी के सपने देखने लगती है। जबकि नील मौका देखकर चुपचाप रानी को बिना  बताये ज्वालापुर से चला जाता है, या यूँ कहें भाग जाता है।
रानी रिशु को अपने और नील के बारें में सब सच बता देती है। रिशु को नील और रानी के रिश्ते का सच जब पता चलता है तब वो बहुत परेशान हो जाता है। पहले ही रानी और रिशु के संबधं कुछ अच्छे नहीं थे और जब यह कड़वा सच उसके सामने आता है तो क्या होता है यह जानने के तो लिए आपको यह फिल्म देखनी होगी।  

फ़िल्म क्यों देखें ? 
 विज्ञापन फ़िल्में बनाने वाले निर्देशक विनि‍ल मैथ्यू  की यह फिल्म दूसरी है।  इनकी पहली फिल्म " हँसी तो फँसी "( २०१४ ) में आयी थी। लोकप्रिय लेखक रोल्ड डाहल की लघु कहानी 'लैम्ब टू द स्लॉटर' से प्रेरित  इस फिल्म की कहानी को लिखा है  मनमर्जियाँ  फेम कनिका ढिल्लन ने और इस फिल्म में भी उन्होंने काफी कुछ पिछली फिल्म "मनमर्जियाँ " से ही ले लिया है। इसलिये फिल्म में कुछ भी नया नहीं है।  फिल्म को देखते समय हर बार यही लगा कि अरे यह तो पहले भी देखा है। शायद कनिका को ऐसा नहीं लगा होगा।
फिल्म की शुरुआत अच्छी है लेकिन फिर वही दोहराव दर्शकों को ज्यादा देर तक बांधे नहीं रखता। जहाँ तक कलाकारों की बात करें तो व्यक्तिगत रूप से सभी का काम अच्छा है। तापसी ने मजबूत , जिद्दी ,  कामुक रानी का किरदार बखूबी निभाया है। सीधे - सादे पति भूमिका में 
विक्रांत मैसी  ने हमेशा की तरह अच्छा अभिनय किया है। विक्रांत को भी सोच समझ कर फिल्में करनी चाहिए। 
हर्षवर्धन राणे को जितना काम मिला उतना उन्होंने अच्छे से निभाया। सी आई डी फेम आदित्य श्रीवास्तव ने पुलिस अफसर का  अच्छा काम किया है।  रिशु  की माँ की बनी यामिनी दास का काम भी अच्छा है लेकिन फिर भी फिल्म में बहुत सारी कमियाँ हैं जिससे यह फ़िल्म बहुत ही बकवास हो गई है। तापसी ने क्या सोच कर यह फिल्म की होगी।समझ नहीं आया। क्योंकि यह हसीन दिलरुबा किसी सस्ते उपन्यास की हसीन दिलरुबा सी लगती है। ऐसी दिलरुबा को अच्छे दर्शक तो बिल्कुल भी नहीं मिलेंगे।