ओ टी टी --अमेज़न प्राइम विडियो
निर्माता -- रितेश सिधवानी, फ़रहान अख़्तर और राकेश ओमप्रकाश मेहरा
निर्देशक -- राकेश ओमप्रकाश मेहरा
लेखक -- अंजुम रजबअली , विजय मौर्या , फ़रहान अख़्तर
कलाकार -- फ़रहान अख़्तर , परेश रावल , मृणाल ठाकुर
संगीत -- शंकर - अहसान --लॉय , सैमुएल-आकांक्षा , डेनियल लोज़िंस्की
कहानी --
एक वसूली करने वाले गुंडे के राष्ट्रीय स्तर के बॉक्सर बनने की कहानी है फिल्म "तूफ़ान " की। अज्जू उर्फ अजीज अली (फ़रहान अख़्तर ) डोंगरी का गुंडा है। वह जफर भाई ( विजय राज ) के लिए वसूली का काम करता है। अनाथालय में पला अजीज गुंडा है लेकिन दिल का बहुत अच्छा है। एक दिन मार पिटाई के समय उसके सिर में चोट लग जाती है और वह अस्पताल जाता है जहां उसकी मुलाकात डॉक्टर अनन्या (मृणाल ठाकुर ) से होती है। अनन्या के समझाने पर अजीज कोच नाना प्रभु (परेश रावल ) की कोचिंग में बॉक्सर बनने की ट्रेनिंग लेता है और एक दिन राष्ट्रीय स्तर का बॉक्सर बन जाता है। लेकिन तभी कुछ ऐसा होता है जिससे अजीज पर ५ साल का बैन लग जाता है। अजीज और अनन्या दोनों शादी कर लेते हैं। ऐसा क्या होता है जिससे अजीज ५ साल तक खेल नहीं सकता ? क्या अजीज और अनन्या की शादी सफल हो पाती है ? क्या दोबारा अजीज रिंग में उतर पाता है ? यह सब जानने के लिए तो आपको फिल्म तूफान देखनी पड़ेगी।
क्यों देखें तूफ़ान
इस फिल्म से पहले भी ओम प्रकाश मेहरा और फरहान अख्तर फिल्म " भाग मिल्खा भाग " में साथ काम कर चुके हैं। आप सभी जानते हैं कि उस फिल्म ने कितनी सफलता हासिल की थी। यह फिल्म उतनी सफल तो नहीं होगीं लेकिन दर्शक निराश भी नहीं होंगे फिल्म "तूफ़ान " से। क्योंकि तूफ़ान शुरू से आखिरी तक दर्शकों को बांधे रखने में सक्षम है।
निर्माता रितेश सिधवानी, फरहान और राकेश ओमप्रकाश मेहरा की इस स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म को फ़रहान अख़्तर ने अंजुम रजबअली और विजय मौर्या के साथ मिलकर लिखा है। तूफ़ान के संवाद और गीत - संगीत दोनों ही अच्छे हैं। रैप सिंगर डेविल का रैप लोगों में लोकप्रिय होगा। फ़रहान ने तूफ़ान के लिए जो मेहनत की है वो पर्दे पर दिखाई देती है। अच्छा काम है उनका। इसी तरह मृणाल ने भी अच्छा काम किया है। परेश रावल , मोहन अगाशे ,सुप्रिया पाठक अच्छे कलाकार हैं। नायक के दोस्त की भूमिका में हुसैन दलाल जमें हैं। यानि जब सभी का काम अच्छा है , गीत - संगीत , संवाद अच्छे हैं तो एक बार तो इस फिल्म को दर्शकों को देखना ही चाहिये। हौसलें और संघर्ष की कहानी तूफ़ान को देखकर दर्शक निराश नहीं होंगे।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें